अधूरे निर्माण कार्यों पर ईओ का एक्शन,लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
—— चौक नगर पंचायत में विकास कार्यों की समीक्षा के बाद ईओ ने किया स्थलीय निरीक्षण,गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
up times samachar
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे/उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद के नगर पंचायत चौक में लंबे समय से अधूरे पड़े विकास कार्यों को लेकर अब प्रशासनिक सख्ती शुरू हो गई है। स्थायी अधिशासी अधिकारी (ईओ) मनोज प्रियदर्शी ने कार्यभार संभालने के बाद विकास कार्यों को गति देने की पहल की है। सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में कर्मचारियों,सभासदों, अवर अभियंता (जेई) और ठेकेदारों के साथ बैठक कर उन्होंने कार्यों की समीक्षा की। विभिन्न वार्डों में निर्माण कार्य अधूरे मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित लोगों को जल्द काम पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
ईओ मनोज प्रियदर्शी ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर विकास कार्य अधूरे मिले हैं। ऐसे में संबंधित सभासद,जेई और ठेकेदार आपसी समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी और जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता भी स्वीकार नहीं होगा।
—– पर्वों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
नवरात्र और आगामी त्योहारों को देखते हुए ईओ ने नगर की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पर्वों के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखना प्राथमिकता है।
—- कई वार्डों में पहुंचकर परखी विकास कार्यों की हकीकत
बैठक के बाद ईओ ने नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्वच्छता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं, मुख्यमंत्री वैश्विक कार्य योजना, सीवरेज और जलनिकासी योजना, पेयजल योजना, एमआरएफ सेंटर के संचालन तथा गोशाला निर्माण की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने बरगदही स्थित वार्ड नंबर पांच शिवाजी नगर शवदाह स्थल, वार्ड नंबर 15 गुरु गोरक्षनाथ नगर में नाली निर्माण, वार्ड नंबर छह चित्रगुप्त नगर में सामुदायिक शौचालय और आंगनबाड़ी केंद्र तथा वार्ड नंबर चार सेनानी नगर में सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया।
स्थायी ईओ की तैनाती से विकास को गति मिलने की उम्मीद
मनोज प्रियदर्शी इससे पहले नगर पंचायत टोड़ी फतेहपुर और झांसी में करीब तीन वर्षों तक सेवाएं दे चुके हैं। मई माह में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश यादव के स्थानांतरण के बाद से नगर पंचायत चौक का कामकाज अतिरिक्त प्रभार वाले अधिकारियों के भरोसे चल रहा था। अब स्थायी ईओ की तैनाती के बाद नगर पंचायत में लंबित विकास कार्यों के पूरा होने और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद जगी है।





















