सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, डबल डेकर बस पलटी; 38 घायल
डिवाइडर तोड़कर नीचे गिरी बस, 10 गंभीर घायलों को लखनऊ रेफर किया गया; बच्चों और महिलाओं समेत करीब 200 यात्रियों के सवार होने की जानकारी
मो. अली | ब्यूरो चीफ, सुल्तानपुर
यूपी टाइम्स समाचार
सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। हलियापुर थाना क्षेत्र के रामपुर बबुआन गांव के पास किलोमीटर 86 पर बिहार से मजदूरों को लेकर बाराबंकी जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 38 यात्री घायल हो गए। घायलों को अयोध्या जिले के कुमारगंज स्थित सौ शय्या अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल 10 यात्रियों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
चालक को नींद आने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस संख्या BR03PA6789 बिहार के नवादा जिले से ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों को लेकर बाराबंकी जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर तोड़कर बस के नीचे पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। महिलाओं और बच्चों को बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया।
यूपीडा की टीम और पुलिस ने चलाया बचाव अभियान
हादसे की सूचना पर यूपीडा की बचाव टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह, सीओ आशुतोष कुमार और तहसीलदार गुलाब सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। बचाव दल ने राहत कार्य करते हुए घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
बस में करीब 200 यात्रियों के सवार होने की जानकारी
बस में सवार मजदूर राकेश के अनुसार, बस में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 200 यात्री सवार थे। सभी मजदूरी के लिए जा रहे थे। घायल�




















