नई नाली पर उठे सवाल, जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा
—— नाथनगर में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, तकनीकी जांच कराकर कमियां दूर करने की मांग
UP times samachar| महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे / उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद के मिठौरा विकासखंड की ग्राम सभा नाथनगर में हाल ही में निर्मित नाली की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग उठाते हुए कहा है कि नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ग्रामीणों के मुताबिक, नाली निर्माण में गुणवत्ता की जांच बेहद जरूरी है। यदि निर्माण कार्य में किसी तरह की कमी सामने आती है तो उसे दूर कर नाली को दुरुस्त कराया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करने और तकनीकी मानकों के आधार पर उसकी जांच कराने की मांग की है।
बीडीओ बोले, जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले को लेकर खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने बताया कि नाली निर्माण से जुड़ा प्रकरण अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इन ग्रामीणों ने उठाई आवाज
नाली निर्माण की गुणवत्ता की जांच और उसे मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने की मांग करने वालों में राहुल यादव, अशोक कुमार, ऋषिकेश यादव, हरिकेश यादव, संदीप शर्मा, अक्षय राव, गौरव राव, विश्वजीत राव, बृजेश राव, सुधीर कुमार, ओमकेश यादव, रवि राव, दिलीप राव, आकाश यादव और गिरिजेश सहानी शामिल हैं।





















