चंद्र दर्शन के साथ गूंज उठीं मंगलकामनाएं, सुहागिनों ने खोला करवा चौथ का व्रत
—– सोलह शृंगार कर महिलाओं ने निभाई सदियों पुरानी परंपरा,पति की सलामती और परिवार की खुशहाली के लिए की पूजा-अर्चना
यूपी टाइम्स समाचार | महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे/उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद में
प्रेम,विश्वास और दांपत्य जीवन में समर्पण का प्रतीक करवा चौथ का पर्व गुरुवार को जिलेभर में पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व की रौनक देखने को मिली। सुहागिन महिलाओं ने सोलह शृंगार कर पूजा की तैयारियां कीं और पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ दिनभर निर्जला उपवास रखा।
दिनभर व्रत रखने के बाद शाम होते ही महिलाओं की निगाहें आसमान में चांद निकलने पर टिक गईं। चंद्रोदय होते ही घरों और छतों पर पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से करवा चौथ की पूजा की। इसके बाद छलनी से चंद्रमा के दर्शन कर अपने पति का चेहरा देखा और उनकी लंबी उम्र की मंगलकामना की। पतियों के हाथों जल ग्रहण कर महिलाओं ने अपना निर्जला व्रत पूरा किया।
पर्व को लेकर नवविवाहित महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सजकर पर्व की खुशियों को दोगुना कर दिया। कहीं पूजा की तैयारियां तो कहीं परिवार के साथ पारंपरिक रस्में निभाने का सिलसिला चलता रहा।
करवा चौथ के अवसर पर जिलेभर में प्रेम,आस्था और पारिवारिक एकजुटता का माहौल देखने को मिला। चंद्रमा के दर्शन के साथ ही दिनभर की प्रतीक्षा समाप्त हुई और सुहागिनों ने अपने जीवनसाथी के सुखद एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना के साथ पर्व का समापन किया।




















