बागापार के शंकरपुर और पिपरा में मतदान केंद्र बनाने की मांग, डीएम को भेजा पत्र
20 टोलों में बटी जिले की बड़ी ग्राम पंचायत में मतदान केंद्रों की कमी से ग्रामीणों को होती है परेशानी, दूरी कम करने की उठी मांग
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। उमेश चौरसिया
सदर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बागापार के शंकरपुर और पिपरा स्थित प्राथमिक विद्यालयों में मतदान केंद्र स्थापित करने की मांग उठाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत के 20 टोलों में बसे लोगों को मतदान के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जनसुविधा और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से दोनों प्राथमिक विद्यालयों में मतदान केंद्र बनाए जाने की मांग की गई है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विकासखंड एवं तहसील सदर की ग्राम पंचायत बागापार जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों में शामिल है। इसके विभिन्न टोलों में रहने वाले मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में शंकरपुर और पिपरा स्थित प्राथमिक विद्यालयों में मतदान केंद्र स्थापित होने से स्थानीय मतदाताओं को सहूलियत मिल सकती है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से जिलाधिकारी के समक्ष 4 नवंबर 2025 को भी प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है। इसके बावजूद ग्रामीणों की मांग है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए दोनों विद्यालयों में मतदान केंद्र स्थापित करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
ग्रामीणों का मानना है कि मतदान केंद्रों की दूरी कम होने से मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में सुविधा मिलेगी। इससे मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम बनाने के साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।
प्रशासन से मांग है कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शंकरपुर और पिपरा स्थित प्राथमिक विद्यालयों में मतदान केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।




















