जनपद स्तरीय युवा उत्सव में युवाओं ने बिखेरी प्रतिभा की चमक, विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर
—— लोकनृत्य, लोकगीत, कविता लेखन, पेंटिंग और नुक्कड़ नाटक में प्रतिभागियों ने किया शानदार प्रदर्शन
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे/उमेश चौरसिया
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, महराजगंज के तत्वावधान में शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को विकास भवन परिसर में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, कविता लेखन, पेंटिंग और नुक्कड़ नाटक समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कला कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया एवं मुख्य विकास अधिकारी महराजगंज महेंद्र प्रसाद, ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना तथा लोककला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि को प्रोत्साहित करना रहा।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को स्थान के आधार पर सम्मानित किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में आदित्य गौड़ ने प्रथम, अदिति प्रजापति ने द्वितीय और शाहिद अली अंसारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लोकनृत्य समूह प्रतियोगिता में सुनैना एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। अंकित एवं उनकी टीम दूसरे तथा लकी उपाध्याय एवं उनकी टीम तीसरे स्थान पर रही।
इसी क्रम में लोकगीत समूह प्रतियोगिता में अमर गौतम एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवेश द्विवेदी एवं उनकी टीम दूसरे और शेषमणि एवं उनकी टीम तीसरे स्थान पर रही।
कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रदीप ने प्रथम, राहुल प्रजापति ने द्वितीय और प्रशांत तिवारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में जनक गुप्ता एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रमाणपत्र और शील्ड देकर विजेताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी वैभव सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा और सहभागिता को सराहनीय बताते हुए ऐसे आयोजनों को उनकी रचनात्मक क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस अवसर पर व्यायाम प्रशिक्षक बृजेश यादव, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी प्रवीण मिश्रा, जितेंद्र कुमार सिंह, अनुज कुमार, यशवंत पटेल तथा ब्रेकथ्रू महराजगंज के पदाधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





















