नाथनगर में हाईटेंशन लाइन का खतरा बरकरार, दो दशक से समाधान का इंतजार
—— छतों के ऊपर झूल रहे 11 हजार वोल्ट के तारों से सहमे ग्रामीण, सुरक्षित बिजली व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की मांग
up times samachar
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे/ उमेश चौरसिया
जनपद महराजगंज के मिठौरा ब्लॉक की ग्राम सभा नाथनगर में 11 हजार वोल्ट की जर्जर बिजली लाइन ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 वर्षों से चली आ रही इस समस्या का अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। कई घरों की छतों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों के कारण लोगों को हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से जल्द सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
हादसों के दावों से ग्रामीणों में दहशत
ग्रामीणों के मुताबिक, हाईटेंशन लाइन से जुड़े हादसों में अब तक चार से पांच लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा बंदरों की मौत होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रिहायशी इलाके के ऊपर से गुजर रही इस लाइन की स्थिति को देखते हुए किसी बड़ी दुर्घटना से पहले ठोस कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने बिजली विभाग की तकनीकी टीम से मौके का निरीक्षण कर लाइन की स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है।
2016 के अग्निकांड का मामला भी उठाया
ग्रामीणों ने 9 अप्रैल 2016 को गांव में हुए भीषण अग्निकांड का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय बिजली का तार क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था, जिसे बाद में जोड़कर चालू कर दिया गया। ग्रामीणों ने इस घटना से जुड़े अभिलेखों की जांच कराने और वर्तमान में संचालित लाइन की तकनीकी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। हालांकि, अग्निकांड और अन्य कथित घटनाओं में बिजली लाइन की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात में भी परेशानी
हाईटेंशन लाइन की समस्या के साथ ही ग्रामीणों ने गांव की गलियों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने का मुद्दा भी उठाया है। उनका कहना है कि रात के समय अंधेरे के कारण आवागमन में परेशानी होती है। ऋषिकेश यादव, हरिकेश यादव, दिलीप कुमार शर्मा और संदीप शर्मा ने संबंधित अधिकारियों से बिजली लाइन की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा गांव में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की है।
जेई बोले, उच्चाधिकारियों को कराया अवगत
इस संबंध में चौक विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) कमलेश कुमार ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया है। समस्या से अपने उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।





















