अवैध सागौन से लदा पिकअप पकड़ा,चालक झाड़ियों में छिपकर भागा
—– पकड़ी रेंज के बेलवा चाफी क्षेत्र में वन विभाग की कार्रवाई,पांच बोटा जंगली लकड़ी बरामद
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे/ उमेश चौरसिया
सोहागीबरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज में वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से काटकर ले जाई जा रही सागौन की लकड़ी से लदा पिकअप वाहन पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे और घनी झाड़ियों का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर बरामद लकड़ी के संबंध में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग के अनुसार, गुरुवार को जगपुर सेक्शन के बेलवा चाफी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से अवैध रूप से जंगली लकड़ी काटकर ले जाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी पकड़ी रेंज सुशांत मणि त्रिपाठी के निर्देशन में वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और संदिग्ध वाहन की घेराबंदी शुरू कर दी।
वन विभाग की टीम को देखकर चालक ने पिकअप लेकर भागने का प्रयास किया। इसके बाद टीम ने वाहन का पीछा किया। काफी प्रयास के बाद विश्वनाथपुर उर्फ पड़वनिया गांव के पास पिकअप को पकड़ लिया गया। वन विभाग की टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें सागौन की पांच बोटा जंगली लकड़ी लदी मिली।
वाहन और लकड़ी को कब्जे में लेकर वन विभाग ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर नरकट, कुश और घनी झाड़ियों के बीच छिपते हुए मौके से फरार होने में सफल रहा। वन विभाग की टीम चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
कार्रवाई में क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी के साथ वन दरोगा संदीप राणा,गौरव त्रिपाठी, बृजेश और विपुल,फॉरेस्ट गार्ड दीपक साहनी तथा विक्रांत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन संपदा की अवैध कटान,परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में वन अधिनियम के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।





















