औचक निरीक्षण में खुली विकास कार्यों की हकीकत, विशेष सचिव ने लगाई फटकार
परसा राजा, दरहटा व करौता में विद्यालय, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन व डिजिटल लाइब्रेरी का किया निरीक्षण
up times samachar
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे/उमेश चौरसिया
मिठौरा विकासखंड के गांवों में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विशेष सचिव महेंद्र प्रसाद ने बिना पूर्व सूचना के परसा राजा, दरहटा और करौता गांव पहुंचकर विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का औचक निरीक्षण शुरू कर दिया। अचानक पहुंचे विशेष सचिव ने विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, डिजिटल लाइब्रेरी, जलकल समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्तरों पर कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विशेष सचिव ने परसा राजा गांव में करीब डेढ़ घंटे तक विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की बारीकी से पड़ताल की। उन्होंने अभिलेखों की जांच करने के साथ ही योजनाओं की जमीनी स्थिति भी देखी। परिषदीय विद्यालय में पठन-पाठन, आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को मिल रही सुविधाएं, पंचायत भवन की गतिविधियां, डिजिटल लाइब्रेरी के संचालन और जलकल व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
आंगनबाड़ी की व्यवस्था पर जताई नाराजगी
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर विशेष सचिव ने कार्यकत्री आरती पांडेय को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए शासन की ओर से निर्धारित सुविधाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से योजनाओं की प्रगति और ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं के बारे में सीधे जानकारी ली। कई बिंदुओं पर अधिकारियों से मौके पर ही जवाब-तलब किया गया। विशेष सचिव ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, अभिलेखों के रखरखाव और सरकारी सुविधाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण में जो कमियां मिली हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर कर इसकी प्रभावी निगरानी की जाए।
विशेष सचिव ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा माना जाएगा, जब उनका लाभ धरातल पर ग्रामीणों तक पहुंचे। कागजी प्रगति के बजाय योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
तीन गांवों में निरीक्षण से मचा हड़कंप
विशेष सचिव के अचानक निरीक्षण से परसा राजा, दरहटा और करौता में संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण के दौरान बीडीओ मिठौरा राहुल सागर, एडीओ पंचायत, सीडीपीओ, ग्राम पंचायत सचिव अशोक निगम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





















