आंधी में सड़क पर गिरा विशाल सागौन का पेड़, घंटों बाधित रहा यातायात
—– दोनों ओर वाहनों की लगी लम्बी कतार, जर्जर पेड़ों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे / उमेश चौरसिया जनपद महराजगंज के चौक-महराजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम तेज आंधी और बारिश के बीच श्याम इंटरप्राइजेज राइस मिल, सोनरा के समीप सड़क किनारे खड़ा विशालकाय सागौन का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ के बीच सड़क पर गिरने से मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त पेड़ की चपेट में कोई वाहन या राहगीर नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पेड़ गिरते ही मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे। यातायात बाधित होने के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कई वाहन चालकों ने जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया।
पहले से जर्जर था पेड़, नहीं हुई समय रहते कार्रवाई
स्थानीय निवासी रागिनी समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे खड़ा सागौन का पेड़ लंबे समय से सूखकर जर्जर हो चुका था। ग्रामीणों के अनुसार पेड़ से संभावित खतरे को देखते हुए संबंधित विभाग को इसकी जानकारी भी दी गई थी, लेकिन समय रहते इसे हटाने की कार्रवाई नहीं की गई। शनिवार को तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ के धराशायी होने से लोगों की आशंका सच साबित हुई।
घंटों सड़क पर पड़ा रहा पेड़, जिम्मेदारों से नाराजगी
पेड़ गिरने के बाद काफी देर तक सड़क बाधित रहने से ग्रामीणों में नाराजगी दिखाई दी। लोगों का कहना था कि मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने के बावजूद उसे तत्काल हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जेसीबी व अन्य संसाधन लगाकर पेड़ को शीघ्र हटाने और यातायात व्यवस्था बहाल कराने की मांग की।
जर्जर पेड़ों का कराया जाए सर्वे
ग्रामीणों ने प्रशासन से चौक-महराजगंज मुख्य मार्ग समेत क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के किनारे खड़े सूखे और जर्जर पेड़ों का सर्वे कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे पेड़ों को समय रहते चिह्नित कर हटाया जाए, ताकि बारिश और तेज आंधी के दौरान उनके गिरने से यातायात बाधित होने के साथ किसी तरह की जनहानि की आशंका भी न रहे।





















