नेपाल की बारिश से बढ़ा बाढ़ का खतरा, – ——-महराजगंज में स्कूल बंद
नारायणी-गंडक का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने जारी की फ्लैश फ्लड चेतावनी; लोगों से सतर्क रहने की अपील
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे / उमेश चौरसिया
नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश और आगामी दिनों में बारिश के पूर्वानुमान के बीच महराजगंज में आकस्मिक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की चेतावनी जारी की गई है। नारायणी-गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने 26 सितंबर को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, पुल-पुलियों, जलभराव वाले क्षेत्रों और निचले स्थानों से दूरी बनाए रखने तथा तेज बहाव वाले पानी को पार नहीं करने की अपील की है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
आपात स्थिति में DDMA-DEOC महराजगंज हेल्पलाइन 05523-222162, 1077 और 9628819145 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।





















