पत्नी से झगड़े के बाद पति ने काटा अपना प्राइवेट पार्ट, हालत गंभीर, गोरखपुर रेफर
13 साल पहले हुई थी शादी, पिता बोले – बहू के अवैध संबंधों से था विवाउ है
कुशीनगर से जिला प्रभारी सुभाष पटेल की रिपोर्ट
कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के टेंगराहा गांव में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने चाकू से अपना प्राइवेट पार्ट काट डाला। गंभीर हालत में युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुरकहा, फिर जिला अस्पताल और देर रात गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मामला छितौनी नगर पंचायत के टेंगराहा गांव निवासी रोहित चौहान, 32 वर्ष, का है। रोहित की 13 साल पहले नौरंगीया थाना क्षेत्र के दुबौलिया गांव की सुरजावती, 29 वर्ष, से शादी हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं, दो बेटे और दो बेटियां। पत्नी बच्चों के साथ सास-ससुर के साथ गांव में रहती थी।
परिवार के अनुसार, पिछले 5 साल से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। आर्थिक तंगी और झगड़ों के चलते रोहित शराब पीने लगा था। करीब 2 साल पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी और घर पर ही रहने लगा। 2 महीने पहले पत्नी झगड़ा कर दोनों बेटियों को लेकर बहन के घर चली गई थी। दोनों बेटों को मायके भेज दिया था।
रोहित के पिता जगलाल चौहान, जो पुजारी हैं, ने बताया कि सोमवार सुबह वह मंदिर चले गए थे और पत्नी खेत पर काम करने गई थी। शाम 5 बजे लौटने पर दरवाजे से ही बेटे की कराहने की आवाज सुनी। अंदर जाकर देखा तो रोहित जमीन पर पड़ा था और उसकी पैंट खून से लथपथ थी। परिजनों ने तुरकहा सीएचसी पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल और फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पिता का आरोप है कि पत्नी के अवैध संबंधों के कारण विवाद होता था। उन्होंने बताया कि 3 महीने पहले भी रोहित ने झगड़े के बाद अपना बायां अंगूठा काट लिया था। कुछ दिन पहले जहर खाकर सुसाइड की कोशिश की थी। 6 महीने पहले बड़े बेटे का गड़ासे से गला काटने की भी कोशिश की थी, जिसे परिवार ने रोक लिया था।
हनुमानगंज थाना अध्यक्ष दिग्विजय नारायण राय ने बताया कि जिला अस्पताल से सूचना मिली थी। युवक को गोरखपुर रेफर किया गया है। पत्नी से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















