अक्षय तृतीया से पहले बाल विवाह के खिलाफ अलर्ट: चौपरिया स्कूल में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर जागरूकता,अभिभावकों को दिलाई शपथ
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद में बाल विवाह रोकथाम और महिला सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में शनिवार को जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन की ओर से उच्च प्राथमिक विद्यालय चौपरिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नारी शक्ति वंदन अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून और महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डीएमसी रत्ना तिवारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों की सुरक्षा तथा उन्हें सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
उन्होंने आगामी अक्षय तृतीया के अवसर पर बाल विवाह की संभावनाओं को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। इस दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तुरंत 1098 टोल फ्री नंबर पर सूचना देने की अपील की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बाल विवाह न होने देने तथा इसकी जानकारी मिलने पर प्रशासन को सूचित करने की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के बाद स्कूल चलो अभियान के तहत ड्रॉपआउट बच्चों के घर-घर जाकर उनके अभिभावकों से मुलाकात की गई। टीम ने अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अर्चना त्रिपाठी, मनोज कुमार वर्मा, विधि सेवा प्राधिकरण से अनूप चौधरी, रोहित तथा विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।




















