पुलिस लाइन में सुरक्षा व्यवस्था की डीएम-एसपी ने ली कड़ी समीक्षा, आरटीसी G-8 बिल्डिंग का किया निरीक्षण
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे उप संपादक उमेश चौरसिया
जिले में पुलिस व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस लाइन महराजगंज स्थित आरटीसी G-8 बिल्डिंग का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवन की संरचनात्मक मजबूती, सुरक्षा व्यवस्था तथा उपलब्ध संसाधनों का विस्तृत रूप से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने भवन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति, विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा प्रणाली, आपातकालीन निकास मार्ग और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए कहा कि परिसर में सुरक्षा ड्यूटी की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच, उनकी कार्यशीलता बनाए रखने तथा प्रवेश-निकास बिंदुओं पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की संभावना न रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने परिसर में चल रहे निर्माणाधीन भवन के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाए तथा इसे तय समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।



















