ब्रेकिंग खबर*निचलौल में दर्दनाक सड़क हादसा
*अमहवा गांव के पास जनरेटर की चपेट में आए बाइक सवार, दो की मौत
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी/महराजगंज।
जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई। हादसा निचलौल-सिसवा मार्ग पर लालपुरा टोला, अमहवा गांव के पास उस समय हुआ जब टोचन के जरिए ले जाया जा रहा एक जनरेटर अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जनरेटर को एक वाहन से रस्सी के सहारे खींचकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से जनरेटर सड़क पर लहराने लगा और सामने से आ रही बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई है और पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और जनरेटर ले जा रहे वाहन व उसके मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रथम दृष्टया लापरवाही से टोचन के जरिए भारी उपकरण ले जाना हादसे का कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्ती बरतने और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित कराने की मांग की है।




















