*क्षेत्रीय विकास निधि लि.गोरखपुर की ठूठीबारी शाखा पर पैसा हड़पने का आरोप, खाताधारकों ने दी तहरीर
*पासबुक जमा कराने के बाद भी नहीं मिला भुगतान, 1 फरवरी से बैंक ने बंद किया जमा लेना
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी (महराजगंज)। निचलौल तहसील क्षेत्र के ठूठीबारी स्थित क्षेत्रीय विकास निधि लि० गोरखपुर की शाखा पर खाताधारकों का पैसा न लौटाने का गंभीर मामला सामने आया है। नाराज खाताधारकों ने शुक्रवार को कोतवाली ठूठीबारी पहुंचकर बैंक अधिकारियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ितों के अनुसार वे लंबे समय से बैंक में ‘डेली डिपॉजिट’ के माध्यम से अपनी जमा राशि जमा करते आ रहे थे। अचानक 1 फरवरी 2026 से शाखा द्वारा नगद जमा लेना बंद कर दिया गया। इसके बाद बैंक की ओर से खाताधारकों को आश्वासन दिया गया कि फरवरी से मार्च के भीतर सभी की जमा राशि वापस कर दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि इसी प्रक्रिया के तहत शाखा के जिम्मेदार अधिकारी संतोष श्रीवास्तव द्वारा खाताधारकों की बचत पासबुक भी जमा करा ली गई। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी किसी भी खाताधारक को भुगतान नहीं किया गया।
अप्रैल माह का आधा समय बीत जाने के बावजूद जब लोगों को पैसा नहीं मिला तो वे बैंक शाखा पहुंचे, जहां उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इससे आक्रोशित होकर सलीम आलम, गिरिजेश कुमार , आशा रौनियार , अजीम आलम ,अनिल वर्मा समेत एक दर्जन से अधिक लोगों ने कोतवाली ठूठीबारी में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई बैंक में जमा की थी, लेकिन अब पासबुक भी बैंक के पास होने के कारण उनके पास कोई ठोस प्रमाण नहीं बचा है। बैंक के इस रवैये से लोगों में रोष व्याप्त है।
प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि पुलिस मामले की जांच कर जल्द से जल्द खाताधारकों का भुगतान सुनिश्चित कराए तथा दोषी बैंक अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
वहीं, पीड़ितों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।




















