नौतनवा में बाबा साहेब की 135वीं जयंती पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने अर्पित की श्रद्धांजलि
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे
नौतनवा नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 12 सिद्धार्थ नगर (छपवां तिराहा) स्थित डा. भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर उनकी जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ऋषि त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का पूरा जीवन सामाजिक समानता, न्याय और अधिकारों की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले और प्रेरणादायक हैं। उन्होंने लोगों से बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाकर समाज में समरसता और प्रगति की राह पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नौतनवा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने विधायक ऋषि त्रिपाठी का स्वागत किया। उन्होंने भी बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को एकजुट करने और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर नौतनवा के ब्लॉक प्रमुख राकेश मधेशिया , राहुल दुबे, अनिल मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।




















