भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नेपाली तस्कर गिरफ्तार
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया। ठूठीबारी/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में निचलौल थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 928 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निचलौल पुलिस टीम द्वारा सीमा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी के नेपाल से गांजा लाकर भारत में सप्लाई करने की बात सामने आई है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आयुष थापा (22 वर्ष), निवासी शंकरनगर थाना योगीकुटी, जिला रुपन्देही (नेपाल) के रूप में हुई है। अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर चालान कर दिया गया है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार राय, उपनिरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता और उपनिरीक्षक कपिल प्रजापति सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




















