आधी रात घर पर टूटा आफत का पेड़,भरभराकर गिरी छत
—— आंधी में जड़ से उखड़ा तरकुल,नीचे बंधे मवेशी बाल-बाल बचे; बड़ा हादसा टला
यूपी टाइम्स समाचार
चौक बाजार,महराजगंज। विकासखंड मिठौरा अंतर्गत ग्राम नाथनगर में शुक्रवार की रात करीब दो बजे तेज आंधी ने एक परिवार के लिए आफत खड़ी कर दी। तेज हवाओं के बीच तरकुल का विशाल पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर ब्रह्मानंद के मकान की छत पर भरभराकर जा गिरा। पेड़ के वजन और जोरदार टक्कर से मकान की छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय छत के नीचे बंधे मवेशी सुरक्षित बच गए और किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आंधी के बीच अचानक भरभराकर गिरा पेड़
परिजनों के अनुसार, पिछले दिनों हुई बारिश के कारण जमीन काफी नम और कमजोर हो गई थी। इसी बीच देर रात तेज हवाएं चलने लगीं। आंधी के दबाव में तरकुल का पेड़ अचानक अपनी जड़ से उखड़ गया और सीधे मकान की छत पर जा गिरा। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग सहम गए। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
मवेशियों के सुरक्षित बचने से ली राहत की सांस
जिस स्थान पर पेड़ गिरा, उसके नीचे मवेशी बंधे हुए थे। पेड़ के मकान पर गिरने के बावजूद सभी मवेशी सुरक्षित रहे। रात का समय होने के कारण घटना के बाद परिवार में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ के गिरने का मंजर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना बड़ा हो सकता था। मवेशियों और परिवार के सदस्यों के सुरक्षित बचने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
छत क्षतिग्रस्त, आर्थिक मदद की मांग
हादसे में मकान की छत को काफी नुकसान पहुंचा है। अचानक आई इस आफत से पीड़ित परिवार के सामने मकान की मरम्मत की समस्या खड़ी हो गई है। परिवार ने प्रशासन से मौके पर टीम भेजकर नुकसान का निरीक्षण एवं क्षति का आकलन कराने तथा नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के बाद कमजोर हुई जमीन और तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़ने की यह घटना हुई। समय रहते किसी बड़े जनहानि की स्थिति न बनने से लोगों ने राहत की सांस ली।





















