बंद मकान में चोरी का खुलासा,दो शातिर चोर चोरी के माल व नकदी के साथ गिरफ्तार
—- निचलौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई,वन विभाग रेंज परिसर में हुई चोरी का सफल अनावरण
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना निचलौल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन,अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण एवं थाना निचलौल पुलिस टीम की सक्रियता से बंद मकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का माल, भारतीय व नेपाली मुद्रा सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार थाना निचलौल क्षेत्र के वन विभाग रेंज परिसर स्थित एक बंद मकान में करीब एक सप्ताह पूर्व चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में थाना निचलौल पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम जांच में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल दो युवक कस्बा निचलौल क्षेत्र में किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना निचलौल पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने बंद मकान में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। अभियुक्तों ने बताया कि वे नशे और अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कृष्णा साहनी उर्फ चाईं पुत्र महेन्द्र साहनी निवासी वार्ड नंबर 10 महाशय मोहल्ला थाना निचलौल तथा अमित वर्मा पुत्र घनश्याम वर्मा निवासी वार्ड नंबर 03 महाशय मोहल्ला थाना निचलौल के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल ₹6,300 भारतीय नकदी, 1,010 नेपाली रुपये तथा पीली धातु का एक लॉकेट बरामद किया है, जिसे चोरी का माल बताया जा रहा है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके विरुद्ध थाना निचलौल में पूर्व से चोरी समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक जटाशंकर सिंह, उपनिरीक्षक अनुराग यादव, उपनिरीक्षक अमित विश्वकर्मा, कांस्टेबल सतेन्द्र कुमार सिंह, विवेक कुमार सिंह तथा धर्मवीर चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















