चार साल से टूटी नाली बनी मुसीबत, गंदगी और खतरे के बीच स्कूल जाने को मजबूर बच्चे
बलवन्त पाण्डेय ब्यूरो चीफ
सुल्तानपुर यूपी टाइम्स समाचार
सुलतानपुर विकासखंड दूबेपुर की ग्राम सभा हसनपुर में बीते लगभग चार वर्षों से टूटी पड़ी नाली ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। हालात इतने खराब हैं कि प्राथमिक विद्यालय हसनपुर के सैकड़ों बच्चे रोजाना उसी रास्ते से होकर गुजरने को मजबूर हैं, जहां नाली का गंदा पानी और फैला कचरा दुर्घटनाओं को खुला न्योता दे रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव मनोज कुमार पाण्डेय से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत सचिव फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझते, जबकि कई ग्रामीणों ने आज तक अपने ग्राम विकास अधिकारी का चेहरा तक नहीं देखा।
नाली जाम और टूटी होने के कारण बरसात में पानी लोगों के घरों तक पहुंच जाता है। वहीं सफाई के नाम पर निकाला गया कचरा सड़क पर ही छोड़ दिया जाता है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों के फिसलकर घायल होने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाली निर्माण और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन किया जाएगा।





















