अलग-अलग मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार,न्यायालय भेजे गए
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
अपराधियों एवं वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चौक थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में चौक पुलिस ने विभिन्न मामलों में वांछित चार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष चौक मनीष कुमार पटेल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार रुदलापुर निवासी रामबेलास पुत्र छब्बी को लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया। वहीं धरमपुर वार्ड नंबर-2 निवासी वंशी पुत्र गोधन तथा मोती पुत्र गोधन को मारपीट,घर में घुसकर धमकी देने एवं अन्य धाराओं से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा मधुबनी निवासी दीपचन्द्र पुत्र नान्हू को धोखाधड़ी,अमानत में खयानत, कूटरचना एवं धमकी से जुड़े मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा न्यायालय से जारी वारंटों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।





















