नेपाल तस्करी की कोशिश नाकाम, सीमा क्षेत्र से 10 बोरी भारतीय यूरिया खाद बरामद
— पुलिस की सतर्कता से बड़ी कार्रवाई,कस्टम विभाग को सौंपा गया माल
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नौतनवा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बैरिहवां क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 10 बोरी भारतीय यूरिया खाद बरामद की है, जिसे नेपाल ले जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जिले में सीमा पार होने वाली तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसन्त सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष नौतनवा अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बैरिहवां क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया, जहां 10 बोरी भारतीय यूरिया खाद लावारिस अवस्था में बरामद हुई। पुलिस की सक्रियता देखकर तस्कर मौके से फरार हो गए। बरामद खाद के संबंध में सीमा शुल्क अधिनियम की धारा 113 के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पूरे माल को कस्टम कार्यालय नौतनवा के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ाई गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बरामदगी में शामिल पुलिस टीम में चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक रामजी गुप्ता, कांस्टेबल अनुज सिंह तथा कांस्टेबल सुरेश गिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















