इंटरमीडिएट बोर्ड में चमका महराजगंज का सितारा, विशंभर विश्वकर्मा बने जिला टॉपर
—- दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज के छात्रों का शानदार प्रदर्शन,468 अंक के साथ विशंभर ने किया जिले में पहला स्थान हासिल
Up times samachar
महराजगंज । संपादक अम्बिका दत्त चौबे/उप संपादक उमेश चौरसिया
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा घोषित वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणाम में दिग्विजय नाथ इंटरमीडिएट कॉलेज चौक बाजार महराजगंज के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। इंटरमीडिएट (कक्षा 12) के छात्र विशंभर विश्वकर्मा ने 500 में 468 अंक प्राप्त कर पूरे जनपद में सर्वोच्च स्थान हासिल करते हुए जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।
जैसे ही परिणाम घोषित हुआ और विशंभर के जिला टॉपर बनने की खबर सामने आई, विद्यालय परिसर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्र की माता माया देवी और पिता सुभाष चंद्र विश्वकर्मा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों,शिक्षकों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर इस सफलता का जश्न मनाया और छात्र को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में विद्यालय की छात्रा नम्रता ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 450 अंक प्राप्त कर जनपद में नौवां स्थान हासिल किया। नम्रता की माता सितारा देवी और पिता राजेंद्र गुप्ता ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया।
वहीं छात्रा पायल गुप्ता ने 449 अंक प्राप्त कर जनपद में दसवां स्थान हासिल किया और विद्यालय की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ दी। पायल के माता-पिता किरन गुप्ता और राज दीपक गुप्ता ने बताया कि यह सफलता बेटी की मेहनत,अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
छात्रों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के सदस्य डॉ.शैलेंद्र प्रताप सिंह,जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरिन्द्र यादव तथा मीडिया प्रभारी डॉ.राकेश कुमार तिवारी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय का मान बढ़ा है, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का वातावरण बन गया है।





















