पछुआ हवा ने बढ़ाई तबाही:दरहटा टोला लालपुर में 20 ट्राली भूसा जलकर राख
—- ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मशक्कत से आग पर काबू,किसान को लाखों का नुकसान
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा दरहटा टोला लालपुर में मंगलवार को भीषण आग लगने से किसान छोटेलाल यादव पुत्र गनेश यादव के घर के पास रखा करीब 20 ट्राली गेहूं का भूसा जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पीड़ित किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार गांव में ही किसी व्यक्ति द्वारा गेहूं का डंठल जलाया जा रहा था। इसी दौरान तेज पछुआ हवा चलने लगी, जिससे आग ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैलती हुई छोटेलाल यादव के घर के पास रखे भूसे के ढेर तक पहुंच गईं और देखते ही देखते पूरा भूसा आग की चपेट में आ गया।
आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी बीच घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक लगभग 20 ट्राली गेहूं का भूसा जलकर राख हो चुका था। ग्रामीणों की तत्परता और फायर ब्रिगेड की सक्रियता से आग को आसपास के रिहायशी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया,जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
पीड़ित किसान छोटेलाल यादव ने बताया कि जला हुआ भूसा पशुओं के चारे के लिए रखा गया था।अचानक आग लगने से उनका लाखों रुपये का नुकसान हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।





















