कोठीभार में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस से टक्कर में तीन युवकों की मौत, क्षेत्र में शोक
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी/महराजगंज। जनपद के थाना कोठीभार क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। यह हादसा रात लगभग 8:15 बजे सबया-चिरैयोकोट मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार रोडवेज बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार साहिल साहनी (पुत्र डोमई), किसन साहनी (पुत्र भीखम साहनी) निवासी सोनबरसा थाना कोठीभार तथा अमरीश साहनी (पुत्र रामजीयावन) निवासी टेढ़वा थाना घुघली एक साथ कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा गया। लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में लेकर चालक लल्लन (पुत्र रामाश्रय) निवासी भिटौली बाजार, मटिया टोला थाना भिटौली को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





















