*विदाई न होने पर नाराज़ दामाद चढ़ा मोबाइल टावर, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
*ससुराल पक्ष के इंकार से आक्रोशित युवक ने उठाया खतरनाक कदम, पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश के बाद नीचे उतरा
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी,महाराजगंज
महराजगंज जनपद के नौतनवा क्षेत्र में एक अजीबोगरीब और तनावपूर्ण मामला सामने आया है, जहां पत्नी की विदाई न होने से नाराज़ एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना बरगदवा थाना क्षेत्र के शीशगढ़ गांव की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक नौतनवा ब्लॉक के बोदरवार गांव का निवासी है और वह अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल शीशगढ़ पहुंचा था। आरोप है कि किसी पारिवारिक विवाद के चलते ससुराल पक्ष ने पत्नी को भेजने से इनकार कर दिया। इस बात से आक्रोशित होकर युवक पहले काफी देर तक बहस करता रहा, लेकिन जब बात नहीं बनी तो वह गुस्से में गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
युवक के टावर पर चढ़ते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची बरगदवा थाना पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान युवक बार-बार अपनी पत्नी को साथ भेजने की मांग करता रहा।
करीब घंटेभर तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश रंग लाई और युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही कुछ पारिवारिक मतभेद चल रहे थे, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई। फिलहाल पुलिस मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास कर रही है।





















