भव्य कलश यात्रा के साथ पतरेगवां में नौ दिवसीय रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ, जयघोष से गूंजा क्षेत्र
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पतरेगवां गांव के टोला शीतलापुर स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस दौरान कन्याओं व महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा व आस्था के साथ यात्रा में भाग लिया। धर्म के जयघोष और मंगलगीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
सोमवार को सुबह से ही शिव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ निकली कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर सिंदुरिया चौराहा, शीतलापुर, अरनहवा, तिरथटोला, कंचनपुर चौराहा होते हुए सिंदुरिया स्थित नारायणी नहर तक पहुंची।
नारायणी नहर पर यज्ञाचार्य शिवनंदन दूबे ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालु महिलाओं और कन्याओं से कलश में जल भरवाया। इसके बाद श्रद्धालु पुनः कलश यात्रा के साथ यज्ञ स्थल पर पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ कलश को यज्ञ मंडप में स्थापित कराया गया।
कड़ी धूप के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं व कन्याएं सिर पर कलश रखकर मंगलगीत गाते हुए पैदल यात्रा में शामिल रहीं। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा कलश यात्रा का स्वागत भी किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्यामानंद, पप्पू यादव, संजय प्रजापति, कमलेश यादव, सुरेश सहानी सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ग्रामीण मौजूद रहे।





















