हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं को कमजोर समझने की भूल न करें, परिणाम होंगे गंभीर : नरसिंह पाण्डेय
Up times samachar
नौतनवा, महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष नरसिंह पाण्डेय ने रविवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में संगठन के कार्यकर्ताओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का सम्मान करते हुए शांत हैं, लेकिन उनकी चुप्पी को कमजोरी समझना भारी पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता राष्ट्रवाद और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पित हैं। संगठन के कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक संघर्ष, त्याग और तपस्या के बल पर समाज और राष्ट्रहित में कार्य किया है। विभिन्न राजनीतिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण दौर में संगठन के कार्यकर्ताओं ने अपने दायित्वों का निर्वहन किया है, इसलिए उन्हें किसी भी प्रकार से कमतर आंकना उचित नहीं होगा।
नरसिंह पाण्डेय ने आरोप लगाया कि जिले के कुछ जिम्मेदार अधिकारी संगठन के कार्यकर्ताओं का आपराधिक इतिहास खंगालने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के योगदान और समर्पण को किसी भी पैमाने पर नहीं आंका जा सकता। संगठन के कार्यकर्ता वर्तमान में संयम और अनुशासन का परिचय दे रहे हैं, लेकिन यदि उन पर अनावश्यक दबाव बनाने या उन्हें प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता थाने से लेकर जिला स्तर तक प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर नजर बनाए हुए हैं। यदि कोई अधिकारी ऐसा कार्य करता है जिससे सरकार की छवि धूमिल होती है या कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय होता है, तो संगठन इसका विरोध करेगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों से जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा पेशेवर अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को व्यक्तिगत विवादों या अनावश्यक मामलों में उलझने के बजाय जनहित और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जिससे जिले की जनता शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन कर सके।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि संगठन जनहित, राष्ट्रहित और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करता रहेगा।





















