मिशन शक्ति अभियान से महिलाओं में जागरूकता की अलख, सुरक्षा और स्वावलंबन का दिया संदेश
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत शुक्रवार को थाना सोहगीबरवा क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 181, महिला पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट तथा मिशन शक्ति अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से प्रदान कीं। साथ ही उन्हें आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस कर्मियों ने बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अन्य अपराधों के प्रति भी जागरूक करते हुए सतर्क रहने का संदेश दिया। टीम द्वारा साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए तथा जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर महिलाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी सचेत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक महिला अपने अधिकारों के प्रति सजग होकर आत्मविश्वास के साथ समाज में आगे बढ़ सके।
महराजगंज पुलिस का यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।





















