राजस्व वसूली और सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग पर डीएम सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी
Up times samachar
महराजगंज । सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने राजस्व वसूली, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास एवं राजस्व संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मंडी समिति, खाद्य एवं औषधि प्रसंस्करण, खाद्य पदार्थों की निगरानी, गन्ना भुगतान, डूडा आवास योजना, पीएम स्वनिधि, कृषि एवं गैर-कृषि भूमि संबंधी प्रकरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों के निर्गमन, राजस्व वादों के निस्तारण, एंटी भू-माफिया अभियान, मुख्यमंत्री कृषि दुर्घटना बीमा योजना, स्वामित्व योजना, परिवहन, खनन, स्टाम्प एवं आईजीआरएस सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागों के लक्ष्यों का पुनर्निर्धारण आवश्यक है, वे समयबद्ध ढंग से आवश्यक कार्रवाई कर लक्ष्य निर्धारित करें, ताकि आगामी समीक्षा बैठकों में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके। उन्होंने राजस्व वसूली के मामलों में विशेष सक्रियता बरतते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही जनपद की रैंकिंग को प्रभावित नहीं करनी चाहिए।
नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों (ईओ) को निर्देश दिया कि वे समीक्षा बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बिना ठोस एवं अपरिहार्य कारण के अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की मंडी समितियों का नियमित निरीक्षण करें तथा मंडी सचिवों की कार्यशैली में शिथिलता अथवा लापरवाही पाए जाने पर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदारगण, जिला आबकारी अधिकारी, अधिशासी अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने तथा जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।





















