मंदिर के बाहर मांस फेंकने की घटना से मचा हड़कंप, 13 वर्षीय बाल अपचारी पुलिस संरक्षण में
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे/उप संपादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद के नौतनवा क्षेत्र में धार्मिक स्थल के पास मांस का टुकड़ा मिलने की सूचना से कुछ समय के लिए क्षेत्र में हलचल मच गई। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस ने मामले में 13 वर्षीय बाल अपचारी को संरक्षण में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नौतनवा पुलिस ने इस प्रकरण में तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की।
थाना नौतनवा में दर्ज मुकदमे के अनुसार वादी सोनू मोदनवाल, पुत्र दिलीप मोदनवाल, निवासी सिसवा उर्फ खोरिया बाजार ने सूचना दी कि 19 अप्रैल 2026 की रात लगभग 9 बजे ग्राम खोरिया स्थित शिव मंदिर के पास किसी व्यक्ति द्वारा खोरिया बाजार से मुर्गे का मांस खरीदकर मंदिर परिसर में फेंक दिया गया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका उत्पन्न हुई।
सूचना मिलते ही थाना नौतनवा पुलिस ने तत्परता से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उक्त कृत्य 13 वर्षीय नाबालिग बाल अपचारी द्वारा किया गया था। पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। साथ ही उसके माता-पिता को भी भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न होने के लिए सख्त चेतावनी दी गई है। पुलिस की जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि मांस का टुकड़ा मंदिर परिसर के अंदर नहीं बल्कि बाहर गिरा हुआ पाया गया था। यह घटना दो दिन पूर्व की बताई जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि पूरे प्रकरण में स्थिति पूर्णतः सामान्य और शांतिपूर्ण है। किसी प्रकार का तनाव नहीं है। एहतियातन क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।





















