भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
—- सोनौली पुलिस की रात्रि गश्त के दौरान मिली सफलता,नशीले पदार्थों की तस्करी पर पुलिस का शिकंजा
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप संपादक उमेश चौरसिया
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने एक युवक को 11 ग्राम हेरोइन (ब्राउन शुगर) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सीमा क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सोनौली पुलिस टीम ने दिनांक 08 अप्रैल 2026 की रात गश्त के दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी शिवा यादव (22 वर्ष) पुत्र केदार यादव निवासी लक्ष्मीनगर टोला बैकुण्ठपुर, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस ने अभियुक्त को अभिरक्षा में लेते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक अरविन्द यादव, कांस्टेबल गुलविन्दर यादव और कांस्टेबल अमरनाथ गौड़ शामिल रहे।




















