सीएचसी मिठौरा में सेल्फ डिफेंस कार्यशाला,आशा व संगिनी कार्यकर्ताओं को किया गया जागरूक
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग एवं पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति महराजगंज के संयुक्त तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा में सेल्फ डिफेंस कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम में आशा एवं संगिनी कार्यकर्ताओं को महिला सुरक्षा,स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बीपीएम नवनीत उपाध्याय ने बालिकाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जानकारी देते हुए एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में सहायक है।साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूक करते हुए इसके दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन से जेंडर स्पेशलिस्ट संजा देवी ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं—मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना—की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह के दुष्प्रभावों और उससे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी चर्चा की।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) से उपनिरीक्षक नीरज यादव ने महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098, 112, 102, 1090, 181, 1930 और 1076 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
थाना सिंदुरिया से आई महिला आरक्षी अस्तुरन और रुनिया ने उपस्थित महिलाओं को आत्मरक्षा के तरीके बताते हुए स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया तथा महिलाओं से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम समन्वयक सिस्टर अलीना ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए नारी सशक्तिकरण के महत्व पर चर्चा की और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। वहीं ब्लॉक समन्वयक आनंद कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर बीसीपीएम अवनीश पटेल,बीओसी वीरेंद्र यादव,सिस्टर सोनिया,कृष्णमोहन कुमार, शमा परवीन,आरक्षी विनय कुमार,आशा संघ की अध्यक्ष जमीरुन्निशा सहित सीएचसी के अन्य स्टाफ व बड़ी संख्या में आशा एवं संगिनी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।




















