नीलगायों के झुंड से किसानों की मेहनत पर संकट,पकी गेहूं की फसल रौंदकर कर रहीं भारी नुकसान
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
क्षेत्र में इन दिनों नीलगायों का आतंक किसानों के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है। दर्जनों की संख्या में घूम रहे नीलगायों के झुंड खेतों में घुसकर पकी हुई गेहूं की फसल को बर्बाद कर रहे हैं। इससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
किसानों का कहना है कि नीलगाय फसल को खाने से ज्यादा खेतों में दौड़ते-भागते हुए उसे रौंदकर नष्ट कर देती हैं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। इसके बावजूद अभी तक सरकारी स्तर पर इनसे बचाव के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है।
इस समय क्षेत्र के अधिकांश खेतों में गेहूं की फसल पूरी तरह पक चुकी है। अच्छी पैदावार की उम्मीद से किसान खुश थे, लेकिन नीलगायों के बढ़ते आतंक ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय किसान महेश, चंद्रिका, सुरेश, धीरज, अंगद और रामभवन सहित कई किसानों ने बताया कि नीलगायों के झुंड रात के समय खेतों में घुस आते हैं और पकी फसल को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचा देते हैं। किसानों के अनुसार पहले लोग खेतों में आदमी का पुतला खड़ा कर देते थे तो नीलगाय खेतों में आने से कतराती थीं, लेकिन अब वह तरीका भी ज्यादा कारगर साबित नहीं हो रहा है। किसानों ने बताया कि लेदवा, बौलियाराजा, रामपुरमीर, पतरेगवा, पिपरा कल्याण, खजुरिया और पनेवा सहित आसपास के कई गांवों में नीलगायों का आतंक सबसे ज्यादा देखा जा रहा है।
क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नीलगायों से फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि किसानों की मेहनत और उनकी फसल सुरक्षित रह सके।




















