–नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कामयाबी: 400 बोतल कोडीन सिरप के साथ युवक गिरफ्तार, एर्टिगा गाड़ी सीज रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया
ठूठीबारी/महराजगंज।
इंडो-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी। सीमा के मुख्य गेट पर एसएसबी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त चेकिंग के दौरान एक मारुति एर्टिगा कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया। मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे सीमा के मुख्य गेट पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मारुति एर्टिगा (नंबर UP53DF6009) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कोडीन युक्त एस्कोरिल/कोरेक्स श्रेणी के कुल 400 बोतल कफ सिरप बरामद हुए, जिन्हें अवैध रूप से नेपाल ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस ने मौके से आरोपी रेहान (18 वर्ष) पुत्र नौशाद, निवासी सोनौली, जनपद महराजगंज को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार नशीली दवाओं की तस्करी में संलिप्त नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर सप्लाई चेन, गंतव्य और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई का नेतृत्व एसएसबी की ओर से सहायक कमांडेंट प्रिया यादव के निर्देशन में किया गया। टीम में एसआई सजल दास, एएसआई सुजॉय दत्ता और उदय राम शामिल रहे। वहीं कोतवाली पुलिस की ओर से एसएसआई बृजेश पांडेय, एसआई रमेश पुरी, कांस्टेबल बलवंत यादव और निलेश पांडेय चेकिंग अभियान में तैनात थे।
एसएसबी की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि इंडो-नेपाल बॉर्डर पर निगरानी और सख्त की जाएगी, ताकि नशीली दवाओं की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22, 23 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा बरामद कार को सीज कर दिया गया है।
सीमा पर हुई इस कार्रवाई के बाद नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में लगे गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।




















