झोपड़ी में लगी भीषण आग,गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार चौकी अंतर्गत ग्राम सभा बरगदवा राजा में सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी फूलबदन की झोपड़ी में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई,जिससे देखते ही देखते पूरी झोपड़ी आग की लपटों में घिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय झोपड़ी में चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों के कारण झोपड़ी में रखा खाद्यान्न, कपड़े,बिस्तर,बर्तन,चारपाई सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया,लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी और उसमें रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
इस घटना से पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।




















