कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त हुए एसपी,चार थानों के प्रभारियों संग की समीक्षा बैठक
—– अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश
Up times samachar
महराजगंज । संपादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप संपादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा पुलिस कार्यालय में चार थानों के थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की वर्तमान कानून-व्यवस्था,अपराध नियंत्रण लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण तथा प्रभावी पुलिसिंग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार सतर्कता बनाए रखें और अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।
एसपी ने विशेष रूप से महिला सुरक्षा और जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण किया जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में लंबित विवेचनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर बल दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी थाना प्रभारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।




















