बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की पैनी नजर, चला सघन चेकिंग अभियान
—– सीसीटीवी, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा इंतजामों का लिया गया जायजा, ग्राहकों को साइबर ठगी से बचाव के दिए गए टिप्स
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद में बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को महराजगंज पुलिस द्वारा विभिन्न बैंक शाखाओं एवं एटीएम केंद्रों पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से परीक्षण किया।
चेकिंग के दौरान बैंक परिसरों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती, प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस टीमों ने बैंक में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी तथा एटीएम बूथों के आसपास भी सतर्क निगरानी बनाए रखी।
इस अवसर पर बैंक प्रबंधकों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को उपलब्ध कराएं। वहीं बैंक ग्राहकों को भी जागरूक करते हुए एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड तथा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारियां किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसरों के बाहर खड़े संदिग्ध वाहनों की भी जांच की और आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर आमजन को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि बैंक से बड़ी धनराशि निकालने या जमा करने के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता लेने में संकोच न करें।
पुलिस का यह अभियान बैंकिंग व्यवस्था को सुरक्षित बनाने तथा साइबर अपराध एवं बैंक धोखाधड़ी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





















