*नेपाल तस्करी के लिए रखा गया 3 लाख रुपये का विदेशी माल बरामद, ठूठीबारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई*
*लक्ष्मीपुर खुर्द में छापेमारी, भारी मात्रा में विदेशी बिस्किट और प्रिंगल्स चिप्स बरामद; कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया
ठूठीबारी/महाराजगंज
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में छापेमारी कर नेपाल भेजे जाने के उद्देश्य से जमा किए गए लगभग 3 लाख रुपये मूल्य के विदेशी खाद्य उत्पाद बरामद किए हैं। बरामद सामान को कस्टम एक्ट की धारा 111 के तहत कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में अवैध तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में चौकी प्रभारी लक्ष्मीपुर उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी को सूचना मिली कि लक्ष्मीपुर खुर्द निवासी सानू कुमार यादव के घर में नेपाल तस्करी के लिए विदेशी सामान का भंडारण किया गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से विदेशी ब्रांड के खाद्य उत्पादों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। बरामद सामान में 120 गत्ता मॉलकिस्ट बिस्किट, प्रत्येक गत्ते में 60 पैकेट, 09 गत्ता प्रिंगल्स पोटैटो क्रिस्प्स (107 ग्राम) तथा 39 गत्ता प्रिंगल्स पोटैटो क्रिस्प्स (40 ग्राम) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामान नेपाल में अवैध रूप से भेजे जाने के उद्देश्य से संग्रहित किया गया प्रतीत होता है। सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। इस कार्रवाई को सीमा पार होने वाली अवैध तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
बरामद सभी सामान को कस्टम एक्ट की धारा 111 के अंतर्गत कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल उदयभान कुमार, कांस्टेबल दीपक सिंह, कांस्टेबल मृत्युंजय तिवारी, रिजर्व कांस्टेबल अमित कुमार यादव एवं रिजर्व कांस्टेबल विनय मौर्य शामिल रहे।




















