वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत सोनौली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें तथा 10,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार देर रात सोनौली कस्बे में एसबीआई बैंक के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर नेपाल में बेच देते थे तथा प्राप्त धनराशि को जुआ, कैसीनो और अन्य शौक पूरे करने में खर्च करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर थाना पनियरा और भिटौली क्षेत्र से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। वहीं आरोपियों ने घुघली और परसामलिक क्षेत्र से भी वाहन चोरी कर नेपाल में बेचने की बात कबूल की है।
पुलिस ने गिरफ्तार राहुल दुषाद, जितेन्द्र कुमार एवं दुर्गेश दुषाद के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















