सुल्तानपुर जेल में हुई थी कायनात से मोहब्बत, अंबेडकरनगर एनकाउंटर में मारा गया वाहिद
बंधुआकला में 8×80 के प्लॉट पर बनवाया था दो मंजिला मकान, पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया पीछे
मो. अली | ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर
यूपी टाइम्स समाचार
सुल्तानपुर। अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश वाहिद अंसारी का सुल्तानपुर से भी पुराना नाता रहा है। गाजीपुर से जिला बदर होने के बाद वह सुल्तानपुर के बंधुआकला कस्बे में रहने लगा था। यहीं सुल्तानपुर जेल में उसकी मुलाकात कायनात से हुई थी। बताया जाता है कि जेल में शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे मोहब्बत में बदल गई। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने शादी कर ली। वाहिद अपने पीछे पत्नी कायनात और दो बेटियों को छोड़ गया है।
35 मुकदमों में दर्ज था नाम, हत्या के मामले में भी था आरोपी
मूल रूप से गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला वाहिद पुत्र अबू बक्र पुलिस रिकॉर्ड में शातिर अपराधी बताया गया है। उसके खिलाफ करीब 35 मुकदमे दर्ज थे। सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के महमूदपुर मजरे हेमनापुर निवासी सुरेश यादव की हत्या के मामले में भी वह नामजद आरोपी था। बाद में पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। इसी मामले में वह सुल्तानपुर जेल में बंद रहा था।
भाई से मिलने जेल पहुंची कायनात, वाहिद से हुई मुलाकात
सूत्रों के मुताबिक, उसी दौरान शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली कायनात का भाई चोरी के मामले में जेल में बंद था। कायनात अपने भाई से मिलने जेल जाया करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात वाहिद अंसारी से हुई। कुछ दिनों तक बातचीत के बाद दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। बताया जाता है कि जेल से बाहर आने के बाद वाहिद ने कायनात से शादी कर ली।
8×80 के प्लॉट पर बनवाया दो मंजिला मकान
शादी के बाद वाहिद ने बंधुआकला कस्बे में 8×80 के प्लॉट पर दो मंजिला मकान बनवाया था। वह अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ इसी मकान में रहता था। उसकी एक बेटी प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वाहिद ने इलाके में अपनी पहचान छिपा रखी थी। वह लोगों को बताता था कि कपड़ों पर कढ़ाई का काम करता है। इसके अलावा वह अक्सर फेरी भी लगाता था। सूत्रों के अनुसार, उसने बंधुआकला रेलवे स्टेशन के पास हाईवे पर दो से तीन प्लॉट भी खरीदे थे।
मोहल्ले के लोगों से उसकी ज्यादा मेलजोल नहीं था। करीब एक साल पहले गांव के कुछ युवकों से उसका विवाद और मारपीट भी हुई थी।
पत्नी पर शक करने की भी चर्चा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से वाहिद अपनी पत्नी कायनात पर शक करने लगा था। बताया जाता है कि वह उस पर नजर रखता था। हालांकि इन बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना से पहले पत्नी से कही थी रोटी लेकर आने की बात
पत्नी के मायके वालों ने कैमरे पर बातचीत करने से इनकार कर दिया। हालांकि, परिजनों के मुताबिक घटना से पहले वाहिद ने पत्नी से खाना बनाने और रोटी लेकर आने की बात कही थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसे फोन किया, लेकिन कॉल की घंटी बजती रही और उसने फोन नहीं उठाया।
वहीं, पत्नी कायनात ने इद्दत में होने की बात कहकर कैमरे पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। बताया जाता है कि वाहिद की एक बहन अधिवक्ता भी है।
अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया वाहिद
अंबेडकरनगर में पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात सूचना मिली थी कि एक लाख रुपये का इनामी वाहिद अंसारी शहर में छिपा है और भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो उसने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वाहिद के सीने और पैर में चार गोलियां लगीं और वह सड़क पर गिर पड़ा।
पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। वहीं, बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगने से एसपी प्राची सिंह बाल-बाल बच गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।





















