जज के लिए तैयार था गार्ड ऑफ ऑनर, गलती से ओवैसी को दे दी सलामी
सहारनपुर में पुलिसकर्मियों की चूक से उठा प्रोटोकॉल पर सवाल, AIMIM प्रमुख ने ली सलामी
यूपी टाइम्स समाचार ब्यूरो
अम्बिका दत्त चौबे
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गतिविधियां तेज कर रहे AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को सहारनपुर में पुलिसकर्मियों ने गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। शनिवार को ओवैसी जैसे ही सर्किट हाउस पहुंचे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी दी। दरअसल, वहां सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश के आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की गई थी, लेकिन न्यायाधीश से पहले ओवैसी पहुंच गए और पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही सलामी दे दी। इस घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रोटोकॉल व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ओवैसी इस दौरान आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के छुटमलपुर स्थित आवास भी पहुंचे और उनके साथ मुलाकात व भोजन किया। दोनों दलों के बीच गठबंधन के बाद यह उनकी पहली मुलाकात थी।



















