कटरैन-पन्नी के नीचे कट रही जिंदगी, फिर भी आवास की आस अधूरी
—— पात्रता की गुहार लगाते-लगाते थक गए गरीब परिवार, जिम्मेदारों के आश्वासन के बीच जर्जर मकानों में रहने को मजबूर ग्रामीण
up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे /उप सम्पादक उमेश चौरसिया
विकासखंड मिठौरा क्षेत्र के दरहटा गांव के टोला लालपुर में गरीब परिवारों के लिए सरकारी आवास योजना का लाभ अब भी दूर की कौड़ी बना हुआ है। किसी के सिर पर पक्का छत नहीं है तो कोई कटरैन और पन्नी के सहारे परिवार का गुजर-बसर करने को मजबूर है। ग्रामीणों का कहना है कि आवास के लिए ग्राम प्रधान और सचिव से कई बार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर सरकारी आवास योजना के लिए पात्रता की कसौटी पर खरे उतरने वाले गरीब परिवारों की खोज कब पूरी होगी?
टोला लालपुर निवासी शम्भा देवी पत्नी छेदी के परिवार में पांच सदस्य हैं। उनका कहना है कि परिवार के पास रहने के लिए पक्का आवास नहीं है और कटरैन व पन्नी के सहारे किसी तरह जीवन गुजारना पड़ रहा है। बरसात और मौसम की मार के बीच परिवार की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
इसी तरह धानमती देवी पत्नी ठकुरी के परिवार में चार सदस्य हैं। उनका मकान भी जर्जर स्थिति में बताया जा रहा है। परिवार को डर बना रहता है कि कमजोर मकान कब परेशानी खड़ी कर दे। वहीं ओटनी देवी पत्नी बिचारे के परिवार में भी चार सदस्य हैं और आवास की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक इन परिवारों ने आवास की मांग को लेकर जिम्मेदारों से कई बार संपर्क किया, लेकिन अभी तक कोई ठोस राहत नहीं मिली।
—– आश्वासन मिला, आवास नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके बावजूद पात्र परिवार आवास की आस में इधर-उधर भटक रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार उन्हें बार-बार आश्वासन दिया गया, लेकिन आवास की सुविधा नहीं मिल सकी। अब संबंधित जिम्मेदारों के कार्यकाल की अवधि भी समाप्त हो चुकी है,मगर गरीब परिवारों की समस्या जस की तस बनी हुई है।
— सवालों के घेरे में पात्रता चयन की प्रक्रिया
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब परिवार खुले आसमान,पन्नी अथवा जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं तो आवास योजना की पात्रता सूची में इन परिवारों की स्थिति क्या है? क्या इनका सर्वे हुआ है? यदि हुआ है तो पात्र होने के बावजूद लाभ क्यों नहीं मिला? और यदि पात्र नहीं हैं तो उन्हें अपात्र किए जाने का आधार क्या है? रामपति, रामश्रृंगार, शिव,लगन,मनोहर सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दरहटा के टोला लालपुर में आवासविहीन एवं जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों का निष्पक्ष सत्यापन कराया जाय और पात्र पाये जाने पर उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना सहित संबंधित सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाया जाय। ग्रामीणों को अब आश्वासन नहीं, बल्कि पक्की छत और सरकारी योजना का वास्तविक लाभ मिलने का इंतजार है।
इस संबंध में गांव के जिम्मेदार ग्राम विकास अधिकारी से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। इसी क्रम में ब्लॉक पर बैठे जिम्मेदार खण्ड विकास अधिकारी राहुल सागर से संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा।





















