200 मीटर की सड़क बनी मुसीबत,कीचड़ और जलभराव से जूझ रहे मरीज व नगरवासी
—- न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना हुआ दूभर, शिकायत के बाद डाली गई रॉबिश भी बरसात में बनी परेशानी का कारण
up times samachar महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
नगर पंचायत चौक के वार्ड संख्या-04 सेनानी नगर में निचलौल-चौक मुख्य मार्ग से न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को जोड़ने वाली लगभग 200 मीटर लंबी सड़क बरसात के चलते पूरी तरह जर्जर, कीचड़युक्त और जलभराव से ग्रस्त हो गई है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण मरीजों,बुजुर्गों, स्कूली बच्चों,महिलाओं तथा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र मुख्य मार्ग से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन सड़क की बदहाली के कारण लोगों को करीब एक किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बीमार मरीजों,गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन स्थिति में आने-जाने वालों को उठानी पड़ रही है।
नगरवासी प्रकाश गौड़, राजकिशोर प्रजापति, सुनील प्रजापति,प्रदीप मौर्य,अश्वनी पटेल,भिखारी कन्नौजिया,राकेश सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि कई दिनों से सड़क पर पानी भरा हुआ है। जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। दोपहिया वाहन अक्सर फिसल जाते हैं, जबकि बड़े वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शिकायत के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने कुछ दिन पहले औपचारिकता निभाते हुए सड़क पर (रॉबिश) डलवा दी थी, लेकिन उचित मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण बरसात में सड़क की स्थिति और भी दयनीय हो गई। नाली के अभाव में बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है, जिससे लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
नगरवासियों ने मांग की है कि सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाय तथा दोनों ओर नाली का निर्माण कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाय,ताकि स्वास्थ्य केंद्र तक आने-जाने वाले मरीजों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
इस संबंध में सम्पर्क किया गया तो प्रभारी अधिशाषी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।





















