तीन जिलों में वारदात करने वाले शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार; चोरी का माल, अवैध असलहे और नकदी बरामद
UP times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
जनपद महराजगंज की पुरन्दरपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल, दो अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल तथा चोरी का सामान बेचकर प्राप्त 20,420 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह के मुख्य आरोपी पर पूर्व से ही चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में अनेक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी फरेंदा के पर्यवेक्षण में थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के हरैया रघुवीर गांव निवासी गंगाराम वर्मा 12 जुलाई 2026 को एक पारिवारिक समारोह में गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सिलाई मशीन, गैस सिलेंडर, बर्तन, पायल, कान की बाली और नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गोविन्द उर्फ गोभी, दिनेश यादव तथा सुजीत यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर तीनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे, सात जिंदा कारतूस, दो गैस सिलेंडर, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पायल, छह सफेद धातु के सिक्के, एक एलईडी टीवी, पीतल की पांच थालियां, तीन पीतल के लोटे तथा चोरी का सामान बेचकर प्राप्त 20,420 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी पर लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गोविन्द उर्फ गोभी पर वर्ष 2016 से अब तक चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर अपराधों के 18 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं आरोपी दिनेश यादव के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट, जालसाजी, सड़क दुर्घटना तथा अन्य मामलों सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे आरोपी सुजीत यादव के विरुद्ध भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव राय कन्नौजिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभय सिंह, अजय कुमार, भूपेन्द्र प्रताप सिंह, राहुल यादव, जनार्दन चौधरी सहित थाना पुरन्दरपुर की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सफलता की सराहना करते हुए अपराधियों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।





















