*आगामी श्रावण मास एवं सावन मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, मिनी बाबा धाम इटहिया शिव मंदिर में हुई सामूहिक बैठक*
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित प्रसिद्ध मिनी बाबा धाम इटहिया शिव मंदिर में मंगलवार को आगामी श्रावण मास एवं सावन मेले की तैयारियों को लेकर उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता की अध्यक्षता में सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर समिति के पदाधिकारी, पुलिस प्रशासन तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
बैठक में उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि श्रावण मास एवं सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
उपजिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं एवं व्यापारियो से भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सावन मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





















