ऑपरेशन क्लीन: ठूठीबारी में 382 लीटर से अधिक जब्त शराब का कराया गया विनिष्टीकरण, नशा कारोबारियों को सख्त संदेश
रिपोर्ट : विप्लव मद्धेशिया, ठूठीबारी/महराजगंज।
महराजगंज जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को ठूठीबारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मुकदमों में बरामद 381.93 लीटर मादक पदार्थ (शराब) का विधिवत विनिष्टीकरण (निस्तारण) कराया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों और नशा कारोबारियों को कड़ा संदेश दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा नायब तहसीलदार निचलौल श्री अंकुर सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी निचलौल श्री रवीन्द्र कुमार सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष ठूठीबारी अमित कुमार सिंह ने किया।
पुलिस के अनुसार मा. अपर सिविल जज (प्रवर खंड)/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज के आदेश के अनुपालन में दिनांक 19 जुलाई 2026 को “ऑपरेशन क्लीन” के तहत थाना ठूठीबारी में दर्ज 17 मुकदमों से संबंधित कुल 381.93 लीटर जब्त शराब का विधिवत विनिष्टीकरण कराया गया।
नष्ट की गई शराब में विभिन्न प्रकार की शराब शामिल रही, जिनमें—
246.60 लीटर नेपाली शराब
5.50 लीटर बंटी-बबली (देशी शराब)
44 लीटर बीयर
80.50 लीटर अंग्रेजी रम
5.33 लीटर अन्य अंग्रेजी शराब
शामिल थी। पूरी प्रक्रिया राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित नियमों का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।
इस दौरान थाना ठूठीबारी के वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल राजेश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। साथ ही स्थानीय व्यापारियों की ओर से व्यापार मंडल अध्यक्ष भवन गुप्ता भी उपस्थित रहे, जिससे पूरी कार्रवाई पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी तथा नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि महराजगंज पुलिस सीमावर्ती क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा “ऑपरेशन क्लीन” के माध्यम से नशा मुक्त समाज की दिशा में लगातार कदम बढ़ाए जा रहे हैं।





















