संघर्ष पर मेहनत की जीत: चाय विक्रेता के बेटे शिवम ने पहली ही कोशिश में NEET फतह कर बढ़ाया अरनहवा गांव का गौरव
—– AIR 15661 के साथ 720 में 585 अंक हासिल, डॉक्टर बनकर देश सेवा का सपना;
अरनहवा-झनझनपुर में खुशी की लहर
UP times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
प्रतिभा किसी आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत में निरंतरता हो तो हर कठिनाई सफलता के सामने छोटी पड़ जाती है। इसका प्रेरणादायक उदाहरण जनपद महराजगंज के अरनहवा गांव स्थित झनझनपुर चौराहा निवासी शिवम मद्धेशिया ने प्रस्तुत किया है। चाय की दुकान चलाने वाले पिता दिनेश मद्धेशिया के पुत्र शिवम ने अपनी पहली ही कोशिश में NEET-UG परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। उन्होंने 720 में 585 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 15661 हासिल की है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
शिवम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के अथक संघर्ष, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी नियमित मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने आकाश इंस्टीट्यूट, लखनऊ से नीट की तैयारी की और शुरुआत से ही डॉक्टर बनने का लक्ष्य तय कर अनुशासित ढंग से अध्ययन किया। उनका सपना एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करना है। शिवम शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने नर्सरी से कक्षा 10 तक सेंट जोसेफ स्कूल,महराजगंज से शिक्षा प्राप्त की, जहां सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा में 96.4 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल कन्या इंटर कॉलेज, कसमरिया (महराजगंज) से इंटरमीडिएट परीक्षा 84.8 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की।
शिवम के पिता दिनेश मद्धेशिया झनझनपुर चौराहा पर चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। शिवम की सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कड़ी मेहनत और परिवार का सहयोग किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी ताकत होती है।
शिवम की सफलता पर उनके पिता दिनेश मद्धेशिया, माता ममता देवी, चाचा मुकेश मद्धेशिया, चाची साधना देवी, अनूप, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र पटेल, ग्राम प्रधान मनोज चौरसिया, उमेश चौरसिया, प्रबंधक हरेंद्र पटेल, चंद्रशेखर मद्धेशिया, संदीप, ग्राम प्रधान गिरिजेश पाठक, कमलेश दुबे, वीरेंद्र जायसवाल, रामचंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर शिवम मद्धेशिया ने कहा, “मेरी सफलता का श्रेय मेरे माता-पिता के त्याग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को जाता है। मेरा लक्ष्य एक अच्छा डॉक्टर बनकर समाज और देश की सेवा करना है।”





















