उमस में तड़पे 50 हजार उपभोक्ता,चौक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल
—– करीब 200 गांवों में अघोषित कटौती से बढ़ी परेशानी,निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध आपूर्ति की उठी मांग
Up times samachar
भास्कर ब्यूरो
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
भीषण गर्मी और उमस के बीच चौक विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 50 हजार उपभोक्ता अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। चौक विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत संचालित चौक नगर पंचायत, चौक ग्रामीण, दरहटा ग्रामीण तथा बागापार ग्रामीण फीडरों से लगभग 200 गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है, लेकिन इन दिनों लगातार हो रही अनियमित कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि सरकार द्वारा शहरी क्षेत्रों में प्रतिदिन 20.30 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 18.30 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। लोगों के अनुसार नगर क्षेत्र में औसतन 14 से 16 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में महज 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इससे भीषण गर्मी के बीच लोगों को दिन और रात दोनों समय भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नियमित आपूर्ति के दौरान भी कई बार लाइनमैन अन्य स्थानों पर तार जोड़ने अथवा तकनीकी कार्यों के लिए बिजली बंद कर देते हैं, जिससे पहले से बाधित आपूर्ति और प्रभावित हो जाती है। उनका कहना है कि ऐसे रखरखाव और मरम्मत कार्य नियमित आपूर्ति के बाद किए जाने चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
बिजली संकट का सबसे अधिक असर छोटे बच्चों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों, किसानों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है। बार-बार बिजली गुल होने से पढ़ाई, घरेलू कामकाज, सिंचाई और छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। उमस भरी गर्मी में लोगों की दिनचर्या पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने और अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
इस संबंध में उपभोक्ता कन्हई, महेश, संतोष, धर्मेंद्र मौर्य, अनूप भारती, संदीप कुमार, दीना, प्रेम, दीपू, सुशील, मोहन, राजेश, अजय द्विवेदी, शंभू वर्मा, सतीश, मुस्तफा, नवरत्न मिश्र, संदीप राय, उमेश, अनवर सहित दर्जनों लोगों ने विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
उधर, इस संबंध में पूछे जाने पर चौक विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। शिकायत मिलने के बाद जांच कराई जा रही है तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सामान्य कराने का प्रयास किया जाएगा।





















